होली पर उत्तराखंड में हिंसा और हादसे। कई जगह मारपीट, सड़क दुर्घटनाओं में मौतें, पुलिस जांच में जुटी
देहरादून। उत्तराखंड में होली का पर्व कई स्थानों पर हिंसा, झगड़े और सड़क हादसों की घटनाओं के कारण तनावपूर्ण माहौल में बीता।
राज्य के अलग-अलग जिलों से मारपीट, हमले, सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर अपराध की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कई लोग घायल हुए जबकि कुछ लोगों की मौत भी हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में होली के दिन ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के घर पर 20 से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की।
इस घटना में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज कुमार समेत 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान हरिद्वार में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास हुआ, जहां बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में ज्वालापुर निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर के पास अज्ञात वाहन ने संजय नामक मजदूर को कुचल दिया। संजय उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला था और टिहरी गढ़वाल से मजदूरी कर घर लौट रहा था। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधी ग्राम में फलों की बिक्री को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई, जिससे दोनों समुदायों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी गांव में भी होली के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान पथराव भी हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
उधर उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में होली खेल रहे युवकों पर बाइक सवार कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने शराब की बोतल से हिमांशु अरोरा नामक युवक के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया और अन्य युवकों के साथ भी मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक हमलावर ने पिस्टल भी तान दी थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
लक्सर के खानपुर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। लक्सर-पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाला पुलिया के पास सीएनजी गैस से भरे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दो सिलेंडरों से गैस रिसाव होने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची और गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
वहीं रुद्रपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मई 2025 से लापता नाबालिग पीड़िता को हरियावाला क्षेत्र से सकुशल बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इसके अलावा रुद्रपुर में ही एक अन्य सड़क हादसे में 45 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड योगेंद्र कुमार की मौत हो गई। किच्छा रोड पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल योगेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चालक की तलाश कर रही है।
इन घटनाओं के बाद कई क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



