बड़ी खबर: NIA की जांच में निर्दोष साबित। बिलाली मस्जिद के इमाम और इलेक्ट्रीशियन को क्लीन चिट

NIA की जांच में निर्दोष साबित। बिलाली मस्जिद के इमाम और इलेक्ट्रीशियन को क्लीन चिट

हल्द्वानी में शनिवार देर रात हुए हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन के बाद अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हिरासत में लिए गए बनभूलपुरा की बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम क़ासमी और उजाला नगर निवासी एक इलेक्ट्रीशियन को जांच में पूर्ण रूप से क्लीन चिट दे दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर लंबी और विस्तृत पूछताछ की गई। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने न आने पर एजेंसियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक रिहा कर दिया।

रिहाई से पहले दोनों का बेस अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें विधिवत रूप से बिलाली मस्जिद कमेटी के सुपुर्द किया गया। पूरी कार्रवाई को एजेंसियों ने अत्यंत गोपनीय, संवेदनशील और पेशेवर ढंग से संचालित किया।

शनिवार देर रात दिल्ली पुलिस और देहरादून STF की संयुक्त टीम द्वारा किए गए इस ऑपरेशन ने शहर में हलचल मचा दी थी। हालांकि अब क्लीन चिट के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों व्यक्तियों का किसी भी संदिग्ध मामले से संबंध नहीं है।

पुलिस की आधिकारिक जानकारी

नैनीताल पुलिस, STF और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में 2 व्यक्तियों से और नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में एक व्यक्ति से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक पूछताछ की। सभी पहलुओं की विस्तृत जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों को नियमित प्रक्रिया के तहत रिहा किया गया।

पुलिस की जनता से अपील

  • अफवाहों पर ध्यान न दें।
  • सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी न फैलाएँ।
  • किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।