DBUU में पूज्य जया किशोरी जी का भव्य स्वागत
देहरादून। आध्यात्मिक चेतना, भक्ति और सद्भावना से ओतप्रोत वातावरण के बीच देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय, देहरादून ने आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक प्रवक्ता पूज्य जया किशोरी जी का विश्वविद्यालय परिसर में आगमन हुआ।
पूज्य जया किशोरी जी ने देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय का विशेष भ्रमण किया। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय परिसर में एक आध्यात्मिक वातावरण उत्पन्न हो गया। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष संजय बंसल, उपाध्यक्ष अमन बंसल तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं संकाय सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस विशेष अवसर पर जया किशोरी ने छात्रों के साथ भी संवाद किया और उन्हें आध्यात्मिकता, जीवन मूल्यों, सकारात्मक सोच तथा आत्म-विकास के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने शिक्षा को आत्मा के उत्थान का साधन बताते हुए कहा कि “ज्ञान और भक्ति का मेल ही व्यक्ति को संपूर्ण बनाता है। यदि छात्र जीवन में सेवा, सच्चाई और समर्पण को अपना लिया जाए, तो समाज और राष्ट्र का भी निर्माण स्वतः होता है।”
विश्वविद्यालय भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न संकायों, शोध प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, इनोवेशन केंद्र एवं छात्र सुविधाओं को देखा और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं अनुशासन की प्रशंसा की।
पूज्य जया किशोरी के आगमन से विश्वविद्यालय परिवार में नई ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार हुआ है। देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय के लिए यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणास्पद रहा।