बिग ब्रेकिंग: रुड़की में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, ढंडेरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

रुड़की में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, ढंडेरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

रुड़की। ढंडेरा हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में जुटी रुड़की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बाइक सवार तीन बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ढंडेरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी सौरभ राजपुरिया पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम संदिग्ध बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ राजपुरिया घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ढंडेरा क्षेत्र में हुए हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और उसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी।

मुठभेड़ के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घायल आरोपी से पूछताछ के साथ ही पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मुठभेड़ की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस की इस कार्रवाई को ढंडेरा हत्याकांड की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।