औद्योगिक सम्मेलन का सफल आयोजन, पैकेजिंग एवं कॉस्मेटिक्स के भारतीय मानकों पर दी गई जानकारी

औद्योगिक सम्मेलन का सफल आयोजन, पैकेजिंग एवं कॉस्मेटिक्स के भारतीय मानकों पर दी गई जानकारी

देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय द्वारा सिडकुल, हरिद्वार स्थित होटल गार्डन व्यू में औद्योगिक सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया।

सम्मेलन का उद्देश्य उद्योग जगत को पैकेजिंग एवं कॉस्मेटिक्स से संबंधित भारतीय मानकों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना और उत्पादों की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

सम्मेलन में पैकेजिंग के लिए IS 2771 तथा कॉस्मेटिक्स से संबंधित IS 4955, IS 19681, IS 7669 एवं IS 2888 जैसे महत्वपूर्ण भारतीय मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्योग प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों को इन मानकों के अनुपालन, गुणवत्ता नियंत्रण और उत्पादों की विश्वसनीयता बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष, BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख श्री हेमंत बी. अडे ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मानक गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता संरक्षण सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने उद्योगों से अपील की कि वे BIS मानकों को अपनाकर अपने उत्पादों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करें।

इस अवसर पर BIS की संयुक्त निदेशक श्रीमती नीलम सिंह ने तकनीकी प्रस्तुति के माध्यम से पैकेजिंग एवं कॉस्मेटिक्स से जुड़े विभिन्न भारतीय मानकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मानकों के अनुपालन से होने वाले लाभ, गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया तथा BIS प्रमाणन प्रणाली के संबंध में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया।

वहीं, डॉ. मोहिंदर आहूजा, उपाध्यक्ष, SMAU हरिद्वार ने उद्योग जगत की ओर से अपने विचार रखते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उद्योगों को गुणवत्ता सुधारने और बाजार में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे उद्योगों के लिए उपयोगी पहल बताया।

सम्मेलन में सिडकुल क्षेत्र के अनेक उद्योग प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस दौरान गुणवत्ता मानकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सक्रिय चर्चा हुई और प्रतिभागियों को भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।

आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस तरह के सम्मेलन उद्योगों में गुणवत्ता संस्कृति को मजबूत करने और भारतीय मानकों के व्यापक अनुपालन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।