बिग ब्रेकिंग: बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले की सुनवाई फिर टली, हजारों परिवारों की उम्मीदें बरकरार

बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले की सुनवाई फिर टली, हजारों परिवारों की उम्मीदें बरकरार

नई दिल्ली। उत्तराखंड के बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित अहम सुनवाई एक बार फिर टल गई।

यह मामला मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष सूचीबद्ध था, लेकिन अदालत में अन्य मामलों की अधिकता के चलते इस पर सुनवाई नहीं हो सकी।

मामले के मुख्य याचिकाकर्ता हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि वे अपने अधिवक्ताओं के साथ निर्धारित समय पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन केस की सुनवाई तक बारी नहीं आ सकी।

उन्होंने कहा कि जैसे ही अदालत अगली तारीख तय करेगी, प्रभावित पक्ष की ओर से पूरी मजबूती के साथ अपना पक्ष रखा जाएगा।

यह पहली बार नहीं है जब इस मामले की सुनवाई टली हो। इससे पहले 28 अप्रैल 2026 को भी यह मामला सुप्रीम कोर्ट की सूची में शामिल था, लेकिन उस दिन भी सुनवाई नहीं हो सकी थी। लगातार दूसरी बार सुनवाई टलने से रेलवे भूमि विवाद से जुड़े हजारों परिवारों को फिलहाल कोई राहत नहीं मिल सकी है।

अब बनभूलपुरा क्षेत्र के प्रभावित लोगों की निगाहें सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय की जाने वाली अगली सुनवाई की तारीख पर टिकी हैं। मामले के फैसले का इंतजार कर रहे हजारों परिवारों के लिए यह सुनवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।