बिग ब्रेकिंग: UKPSC का भर्ती कैलेंडर जारी। PCS से JE तक 11 परीक्षाएं, जानिए कब होगा कौन सा एग्जाम

UKPSC का भर्ती कैलेंडर जारी। PCS से JE तक 11 परीक्षाएं, जानिए कब होगा कौन सा एग्जाम

UKPSC Latest Update 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने 11 भर्ती परीक्षाओं का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है।

इसके तहत नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह से लेकर जुलाई 2027 तक विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षाओं की विस्तृत समय-सारिणी जारी की है।

नवंबर 2026 से शुरू होंगी परीक्षाएं

आयोग की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार, 29 नवंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवरग अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी।

इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 (कला) की मुख्य परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार से आयोजित की जाएगी।

वहीं, 27 दिसंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है।

नए साल में 6 जनवरी 2027 को उच्च न्यायालय नैनीताल के अधिष्ठान अनुभाग में वैयक्तिक सहायक-2025 के पदों के लिए वस्तुनिष्ठ एवं लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

शिक्षा और शहरी विकास विभाग में भी भर्तियां

30 जनवरी 2027 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 (गृह विज्ञान) की मुख्य परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद 25 अप्रैल 2027 को शहरी विकास विभाग में कर एवं राजस्व निरीक्षक पदों के लिए लिखित एवं वस्तुनिष्ठ परीक्षा प्रस्तावित है।

पशुपालन और सहायक अभियंता के पदों पर परीक्षा

पशुपालन विभाग में पशु चिकित्साधिकारी के पदों के लिए 1 और 2 मई 2027 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

वहीं, 8 मई से 14 मई 2027 तक ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों में सहायक अभियंता (सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि और आईटी) पदों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित होगी।

सचिवालय और UKPSC में समीक्षा अधिकारी की भर्ती

30 मई 2027 को उत्तराखंड सचिवालय एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी।

इसके बाद 6 जून 2027 को सचिवालय प्रशासन विभाग के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है।

जून-जुलाई में कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षा

भर्ती कैलेंडर के अनुसार, 26 जून से 1 जुलाई 2027 तक लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों में कनिष्ठ अभियंता (जेई) पदों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।

संभावित हैं परीक्षा की तारीखें

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडे के हस्ताक्षर से जारी परीक्षा कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव किया जा सकता है।

आयोग के इस कैलेंडर से प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

देखें लिस्ट:-

UTTARAKHAND COMPETITIVE EXAM