खास खबर: देहरादून में युवाओं की जंग! राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’, धामी का अग्निवीर संवाद और जैस्मीन सैंडलस का शो

देहरादून में युवाओं की जंग! राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’, धामी का अग्निवीर संवाद और जैस्मीन सैंडलस का शो

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शुक्रवार को राजनीति और मनोरंजन, दोनों का केंद्र बनी हुई है। एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज‘ कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे।

वहीं दूसरी ओर परेड ग्राउंड में आयोजित लोक संवर्धन पर्व में मशहूर पंजाबी पॉप स्टार जैस्मीन सैंडलस का लाइव शो होगा। इसी दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं को संबोधित किया। ऐसे में पूरा दिन युवाओं के नाम रहा।

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले ही सियासी माहौल गर्म हो गया। सोशल मीडिया पर राहुल गांधी ने उत्तराखंड को पेपर लीक का ‘एपिसेंटर’ बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

इसके जवाब में भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए भर्ती विवादों का हवाला देते हुए पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने नकल विरोधी सख्त कानून बनाकर 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा और चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी नौकरियां दी हैं।

उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में भी भर्ती घोटालों और पेपर लीक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं हुईं, जबकि उनकी सरकार ने सख्त कार्रवाई कर व्यवस्था में सुधार किया।

मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के लिए राज्य में विशेष सेल बनाने और विभिन्न विभागों में प्राथमिकता देने की भी घोषणा दोहराई।

राहुल गांधी का कार्यक्रम गुरुवार को हुए एक दुखद हादसे के कारण चर्चा में रहा। कार्यक्रम स्थल पर लोहे का पिलर गिरने से कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत हो गई थी। इसके बाद राहुल गांधी के दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया।

अब वे पहले अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और फिर शाम पांच बजे ‘छात्रों की गूंज‘ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं को संबोधित करेंगे।

इस बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के समानांतर जैस्मीन सैंडलस का शो आयोजित कर युवाओं का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि सरकार की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि शुक्रवार शाम देहरादून के युवा रोजगार, शिक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर होने वाले राजनीतिक संवाद को प्राथमिकता देते हैं या फिर मनोरंजन के मंच पर आयोजित जैस्मीन सैंडलस के लाइव शो की ओर रुख करते हैं। दोनों बड़े आयोजनों ने राजधानी की राजनीतिक और सामाजिक हलचल को चरम पर पहुंचा दिया है।