बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में पूर्व टेंपल अधिकारी गिरफ्तार, SIT की जांच में आया बड़ा मोड़
- मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के बाद दूसरी गिरफ्तारी, CCTV फुटेज में सामने आए अन्य संदिग्धों की भी जांच तेज
चमोली। बद्रीनाथ धाम के चर्चित चढ़ावा चोरी और कथित हेराफेरी मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। लंबी पूछताछ के बाद की गई इस गिरफ्तारी से मामले की जांच नए चरण में पहुंच गई है।
एसआईटी ने राजेंद्र चौहान को पूछताछ के लिए जोशीमठ से बद्रीनाथ बुलाया था। कई घंटों तक चली पूछताछ में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश करेगी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की तरह राजेंद्र चौहान की भूमिका भी चढ़ावे की रकम में कथित हेराफेरी के मामले में सामने आई है।
उल्लेखनीय है कि राजेंद्र चौहान 30 जून को टेंपल अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस बीच जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी भी सामने आई है। एसआईटी अब उनकी भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान से विस्तृत पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और एसआईटी सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।


