देहरादून में ‘बेबी डू डाई डू’ की स्टार कास्ट का ग्रैंड स्वागत, हुमा कुरैशी ने दर्शकों को कहा तीन बार शुक्रिया
- हाउसफुल शो की सफलता पर देहरादून पहुंची पूरी टीम, दर्शकों के प्यार को बताया सबसे बड़ा पुरस्कार
देहरादून। फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ की शानदार सफलता के बीच फिल्म की स्टार कास्ट शुक्रवार को देहरादून पहुंची और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राजपुर रोड स्थित एलोरा मेल्टिंग मोमेंट्स में आयोजित मीडिया संवाद के दौरान अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कहा कि देहरादून के दर्शकों ने जिस तरह फिल्म को अपनाया है, वह पूरी टीम के लिए किसी भी पुरस्कार से बढ़कर है। उन्होंने अपने लाखों प्रशंसकों को भावुक अंदाज में “शुक्रिया… शुक्रिया… शुक्रिया…” कहा।
हुमा कुरैशी ने कहा कि फिल्म पिछले एक सप्ताह से लगातार हाउसफुल शो के साथ सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर प्यार बटोर रही है। उनका कहना था कि अच्छी कहानी और सच्ची भावनाएं हमेशा सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचती हैं और देहरादून ने इसे एक बार फिर साबित कर दिया है।
फिल्म के ‘इंडिया दर्शन’ अभियान के तहत अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता रचित सिंह, मरुधर शेखावत, निर्देशक नचिकेत सामंत और निर्माता साकिब सलीम देहरादून पहुंचे। कलाकारों ने शहरवासियों से मुलाकात कर कहा कि दर्शकों का प्रेम उनके लिए किसी भी सम्मान या ट्रॉफी से कहीं अधिक मूल्यवान है।
फिल्म की टीम ने कहा कि देहरादून ने केवल फिल्म को ही नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी भावनाओं और संदेश को भी पूरे दिल से स्वीकार किया है। यही अपनापन उन्हें लगातार बेहतर कहानियां लेकर आने की प्रेरणा देता है।
कलाकारों ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं को जोड़ने वाली एक मजबूत कड़ी है। जब दर्शक किसी कहानी को अपना लेते हैं तो कलाकारों का भी दायित्व बनता है कि वे उस प्रेम का सम्मान करें। इसी भावना के साथ पूरी टीम देहरादून पहुंची और दर्शकों का दिल से आभार व्यक्त किया।
टीम ने कहा कि देहरादून की गर्मजोशी, आत्मीयता और सिनेमाप्रेम ने इस यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया। दर्शकों की तालियां, मुस्कान और स्नेह ही कलाकारों की सबसे बड़ी पूंजी है और यही उन्हें भविष्य में भी ऐसी यादगार फिल्में बनाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

