बिग ब्रेकिंग: वीकेंड पर मसूरी-ऋषिकेश जाने वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी, पुलिस ने जारी किया रूट प्लान

वीकेंड पर मसूरी-ऋषिकेश जाने वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी, पुलिस ने जारी किया रूट प्लान

देहरादून। गांधी जयंती और वीकेंड के दौरान मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 2 से 4 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। ।

यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, पर्यटन स्थलों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध डाइवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।

पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरिद्वार और ऋषिकेश से मसूरी एवं चकराता जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं।

यातायात दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य तक भेजा जाएगा। मसूरी से लौटने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट प्लान जारी किया गया है, जिससे शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने।

देहरादून शहर में पेसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चूपानी जैसे व्यस्त क्षेत्रों के लिए विशेष डाइवर्जन व्यवस्था बनाई गई है। वहीं मसूरी में पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत भरने पर चरणबद्ध ट्रैफिक प्रबंधन लागू होगा।

पहले चरण में वाहनों को सामान्य रूप से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अधिक दबाव होने पर पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। पार्किंग पूरी तरह भरने पर वाहनों को हाथीपांव रोड और जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ऋषिकेश क्षेत्र के लिए भी Plan-A, Plan-B और डाइवर्जन प्लान तैयार किया गया है। यातायात का दबाव बढ़ने पर हरिद्वार और देहरादून से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

भारी वाहनों को नेपाली फार्म से डायवर्ट कर रात में नो-एंट्री खुलने के बाद ही ऋषिकेश में प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम तिराहा तक ऑटो और विक्रम के लिए जीरो जोन घोषित किया गया है।

पुलिस ने मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून में विभिन्न पार्किंग स्थलों को भी चिन्हित किया है, ताकि पर्यटकों को पार्किंग संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने वाहन चालकों से नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करने, अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

पुलिस ने कहा है कि एंबुलेंस, फायर सर्विस और पुलिस जैसे आपातकालीन सेवा वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा। साथ ही पेट्रोल, दूध और गैस जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की सुविधा दी जाएगी।