क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में साइबर ठगी, जाली नोट, बर्बर हिंसा और पारिवारिक अपराधों जैसी कई बड़ी खबरें, पढ़ें….

उत्तराखंड में साइबर ठगी, जाली नोट, बर्बर हिंसा और पारिवारिक अपराधों जैसी कई बड़ी खबरें, पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को अपराध की कई बड़ी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। राजधानी देहरादून में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय यातनाएं देने का मामला सामने आया।

वहीं साइबर ठगों ने एक महिला से 25 लाख रुपये और दो अन्य लोगों से लाखों की ठगी कर ली। हरिद्वार में पंजाब से आए चार आरोपित जाली नोटों के साथ पकड़े गए। हल्द्वानी में गौला नदी में कूदे किशोर का शव बरामद हुआ, जबकि ऋषिकेश में शराब पीने से रोकने पर बेटे ने अपनी मां को गोली मार दी।

इसके अलावा रुद्रपुर में सेना के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मसूरी में नशे में युवती के हाईवोल्टेज ड्रामे और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई भी चर्चा में रही।

देहरादून में युवक को बंधक बनाकर दी गईं कथित यातनाएं

पटेलनगर क्षेत्र में स्कूटी से टक्कर के बाद दो युवकों पर एक युवक को जबरन दुकान में ले जाकर घंटों तक बंधक बनाने, बिजली का करंट लगाने, गर्म लोहे की रॉड से दागने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है।

पीड़ित का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अंकुर वाल्मीकि और साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

साइबर ठगों ने महिला से 25 लाख और दो अन्य से लाखों उड़ाए

देहरादून की एक महिला को ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। वहीं, अलग-अलग मामलों में बैंक अधिकारी बनकर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग से 1.70 लाख और एक अन्य व्यक्ति से 1.75 लाख रुपये निकाल लिए गए। साइबर पुलिस और संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हरिद्वार में 84,500 रुपये के जाली नोटों के साथ चार गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस ने चेकिंग के दौरान पंजाब के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 500 रुपये के 169 नकली नोट बरामद किए। पूछताछ में आरोपितों ने जाली नोट खरीदकर बाजार में चलाने की साजिश कबूल की है। मुख्य सप्लायर की तलाश में पुलिस टीम पंजाब भेजी गई है।

हल्द्वानी: गौला नदी में कूदे किशोर का शव बरामद

हल्द्वानी में गौला नदी में छलांग लगाने वाले 16 वर्षीय प्रियांशु बिष्ट का शव एसडीआरएफ ने सोमवार सुबह बरामद कर लिया। आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ऋषिकेश: शराब से रोकने पर मां को गोली मारने का आरोप

पशुलोक विस्थापित कॉलोनी में कथित तौर पर शराब पीने से रोकने पर बेटे ने अपनी 63 वर्षीय मां को अवैध तमंचे से गोली मार दी। घायल महिला का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है।

रुद्रपुर में सेना के जवान की अचानक मौत

भारतीय सेना के जवान भवान सिंह भंडारी की छुट्टी के दौरान रुद्रपुर स्थित घर में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।

मसूरी में नशे में युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा

मॉल रोड पर शराब के नशे में युवती द्वारा हंगामा और पुलिसकर्मियों से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने युवती को समझाकर घर भेज दिया, जिसके बाद कार्रवाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं।

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट का एक और आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत काशीपुर से फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस गिरोह के 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल सभी मामलों में पुलिस जांच जारी है और कई मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।