सनसनी: रामणी गांव में छात्र-छात्रा के शव फंदे से लटके मिले, जांच में जुटी पुलिस

रामणी गांव में छात्र-छात्रा के शव फंदे से लटके मिले, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट- गिरीश चंदोला

चमोली। चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 का छात्र सुनील और कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक छात्रा शामिल हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सुबह ग्रामीणों ने मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव लटके हुए देखे, जिसके बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।

घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मामले की सूचना नंदानगर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की जाएगी और घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।