शर्मनाक: रुद्रपुर में महिला का सनसनीखेज आरोप। पति-देवर पर जबरदस्ती का केस दर्ज, जांच शुरू

रुद्रपुर में महिला का सनसनीखेज आरोप। पति-देवर पर जबरदस्ती का केस दर्ज, जांच शुरू

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जिले के पुलभट्ठा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति, देवर और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 की रात उसका देवर शराब के नशे में उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। महिला ने विरोध कर किसी तरह खुद को बचाया और तत्काल अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी।

आरोप है कि अगले दिन 10 अप्रैल को जब उसका पति घर पहुंचा, तो उसने मदद करने के बजाय देवर का ही साथ दिया।

महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन नशीला पदार्थ पिलाया गया और दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती की। उसने विरोध किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।

घटना के बाद 11 अप्रैल को पीड़िता ने अपने मायके वालों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन ससुराल पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार डरा और सहमा हुआ है।

मामले में पुलभट्ठा थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।