दुःखद: पुलिस लाइन में तैनात एएसआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पुलिस लाइन में तैनात एएसआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

देहरादून। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है।

रुद्रपुर पुलिस लाइन में तैनात एएसआई संजय खाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ड्यूटी पर जाने से पहले सोए संजय खाती जब काफी देर तक नहीं जागे, तो उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

54 वर्षीय संजय खाती मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट थाना क्षेत्र के ग्राम मल्ला गरका के रहने वाले थे। वर्तमान में वे रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के सरकारी आवास में अपने परिवार पत्नी और एक पुत्र के साथ रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार को उनकी नाइट ड्यूटी थी।

सुबह उठने के बाद उन्होंने सामान्य दिनचर्या के तहत भोजन किया और आराम करने के लिए सो गए। दोपहर में उठकर खाना खाया और फिर से सो गए।

सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन रात करीब 10 बजे जब उनकी ड्यूटी का समय नजदीक आया और वे नहीं उठे, तो पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की।

काफी प्रयासों के बावजूद जब वे नहीं जागे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

मंगलवार सुबह एसआई धीरज टम्टा द्वारा पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

सहकर्मियों के मुताबिक, संजय खाती एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार पुलिसकर्मी थे। उनके अचानक निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इस घटना ने न केवल एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि खाकी के उस चेहरे को भी खामोश कर दिया, जो हर दिन कानून और व्यवस्था की रक्षा में जुटा रहता था।