अपराध: कायनात की आंखों में खौफ, इंसाफ की गुहार। पति और उसके साथियों पर जानलेवा हमले का आरोप

कायनात की आंखों में खौफ, इंसाफ की गुहार। पति और उसके साथियों पर जानलेवा हमले का आरोप

  • रुड़की में महिला ने पति, सास और उसके साथियों पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट- सलमान मलिक
रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कायनात फारुकी नाम की महिला ने अपने ही पति और उसके साथियों पर जानलेवा हमले, मारपीट और साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर अपनी जान की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता कायनात का आरोप है कि उसका पति शेंखी लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। ताजा घटना के मुताबिक, आरोपी पति देर रात करीब 2 बजे उसे घुमाने के बहाने घर से बाहर ले गया। वहां पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर उसने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की।

कायनात के अनुसार, मौके पर मौजूद पति के साथी रिजवान ने उसे गोली मारने की धमकी दी, जिससे वह बुरी तरह डर गई। पीड़िता ने अपनी सास अंजुम बेगम पर भी साजिश रचने का आरोप लगाया है।

उसका कहना है कि सास अपने बेटे की दूसरी शादी कराने की योजना बना रही है और इसी के चलते उसे रास्ते से हटाने की कोशिश की जा रही है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए पीड़िता ने दावा किया है कि उसके पास पहले की मारपीट के दो सीसीटीवी वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें पति की करतूत साफ देखी जा सकती है। ये वीडियो इस बात की पुष्टि करते हैं कि उसके साथ हिंसा का सिलसिला काफी समय से जारी है।

कायनात ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में साफ कहा है कि उसे अपनी जान का खतरा है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसका पति उसे झूठे आरोपों में फंसाकर बदनाम करने और घर से निकालने की कोशिश कर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही आरोपी पति शेंखी और उसके साथी रिजवान की भूमिका की जांच की जा रही है।

अब सवाल यह है कि क्या कायनात को समय रहते इंसाफ और सुरक्षा मिल पाएगी, या उसकी गुहार भी सिस्टम में कहीं दबकर रह जाएगी।