बड़ी खबर: लामाचौड़ चौराहे पर बस बनी आग का गोला, दमकल की मशक्कत से बुझी लपटें

लामाचौड़ चौराहे पर बस बनी आग का गोला, दमकल की मशक्कत से बुझी लपटें

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित लामाचौड़ चौराहे पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक निजी बस और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक में लगी आग बस तक फैल गई और पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई और जलती हुई बाइक बस के नीचे जा घुसी।

कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और चौराहे पर खड़ी बस धू-धूकर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मामले में जानकारी देते हुए अमित कुमार ने बताया कि बस और बाइक की टक्कर के बाद बाइक से आग बस में फैल गई थी। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग पर काबू पा लिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। व्यस्त लामाचौड़ चौराहे पर हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।