बिग ब्रेकिंग: देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर, मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर, मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

  • बैरियर तोड़कर भागे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में लगी गोली

देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार असर दिखा रहा है। इसी कड़ी में थाना बसंत विहार क्षेत्र के हरबंशवाला में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक शातिर अपराधी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अब्दुल्ला के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, उसके साथी शाहनवाज सलमानी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। घायल अब्दुल्ला पर सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और स्कूटी बरामद की है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि देहरादून में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।