बड़ी खबर: अभिभावकों की जेब पर भारी पड़ रहा किताबों का बोझ

अभिभावकों की जेब पर भारी पड़ रहा किताबों का बोझ

देहरादून। अभिभावक को अपने बच्चों के लिए महंगी किताबें ना खरीदने पड़े इसके लिए सरकार ने इस बोझ को कम करने के लिए सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में 2018 में NCERT लागू की योजना बनाई थी।

मगर सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों ने इसका भी तोड़ ढूंढ लिया, जिसके चलते सरकार की योजना भी कारगर साबित नहीं हुई।

स्कूलों की कई कक्षाओं में सहायक किताबों की कीमत NCERT की पूरी किताबों के मूल्य से दो से तीन गुना अधिक है जिससे अभिभावकों की जेब पर भारी असर पड़ रहा है। इतना ही नहीं कुछ स्कूलों ने तो NCERT की किताबो को कमतर बताते हुए खारिज कर दिया है।

इतने कीमतों में बिक रही है गढ़वाल और कुमाऊ मंडल में किताबें

गढ़वाल मंडल

राजधानी देहरादून के तमाम स्कूलों में अभिभावकों को सहायक किताबों के नाम से लूटा जा रहा है। यहां के स्कूल अपनी मनमानी पर उतर आए हैं। एक अभिभावक के कहे मुताबिक NCERT की हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन की चार किताबें पांचवी कक्षा से लग जाती है जिनकी कीमत 65 रूपये प्रति किताब है।

निजी प्रकाशक और स्कूलों ने इन किताबों को खारिज करते हुए 7300 मूल्य वाली सहायक किताबे लगा रखी है। वही पौड़ी जनपद के स्कूलों का भी यही हाल है, यहां के स्कूलों में NCERT की फिजिकल किताबों की कीमत 150 रूपये है, लेकिन इन NCERT की किताबों के साथ सपोर्टिंग किताबें लेना भी अनिवार्य है, जिनकी कीमत 250 रूपये है।

यहां के स्कूलों ने ऐसी स्थिति बाकी विषयों की किताबों पर भी लागू कर रखी है। एक अभिभावक का कहना है कि, स्कूल एक विक्रेता के पास भेजते हैं। जहां कक्षावार बंडल बने रहते हैं। इनमें कई किताबें ऐसी होती है जो एक या दो बार उपयोग में आती है पर कीमत छ से सात सौ रूपये तक रहती है।

कुमाऊ मंडल

गढ़वाल मंडल के स्कूलों की तरह कुमाऊं मंडल के स्कूलों के भी यही हाल हैं। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर में कक्षा 6 में अभिभावकों से अंग्रेजी व्याकरण की NCERT की 70 रूपये मूल्य वाली किताबों के साथ इंग्लिश ग्रामर और कम्युनिकेशन की सहायक किताबें खरीदवाई जा रही हैं, जिनका मूल्य 300 रूपये है।

कक्षा 9 से 12 तक एनसीईआरटी की विज्ञान और SSC की किताबों की कीमत 100 से 200 रूपये तक है, लेकिन इनके साथ प्राइवेट पब्लिशर की 200 से 800 रूपये की मूल्य वाली किताबें खरीदना अनिवार्य है।

अल्मोड़ा में रह रहे एक अभिभावक का कहना है कि, कक्षा 5 की NCERT की किताब 60 से 70 रूपये मे आती है, लेकिन स्कूलों के दबाव के चलते इनके साथ इंग्लिश ग्रामर, हिंदी व्याकरण, सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर साइंस और मॉडल साइंस की किताब खरीदना अनिवार्य है जिनकी कीमत 300 से 360 रूपये है।

वही चंपावत जिले मे एक स्कूल के कक्षा 2 और 6 की एनसीईआरटी की तीनों किताबो की कीमत 195 रूपये है। स्कूल प्रशासन ने एनसीईआरटी की किताबो के साथ जीके और इंग्लिश ग्रामर की 195–195 रूपये की किताबे लेना अनिवार्य कर रखा है।

PCSA के अध्यक्ष प्रेम कश्यप का कहना है कि महंगी किताबें खरीदवाने की बात पूरी तरह से सही नहीं है। सरकार समय पर किताबें ही उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

सरकार समय पर किताबें मुहैया कराए तो सहायक पुस्तकें क्यों लगाई जाएं ? वैसे सहायक पुस्तकें भी छात्र के शैक्षिक विकास के लिए उपयोगी होती हैं।

वही KV दो हाथीबड़कला के प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए कहा कि, केंद्रीय विद्यालयों में पूरी तरह से NCERT की पुस्तकें लागू हैं। छात्रों को सहायक पुस्तक खरीदने के लिए सिर्फ सुझाव दिया जाता है, दबाव नहीं होता। NCERT की पुस्तकों की शैक्षिक सामग्री सर्वश्रेष्ठ होती है।