दुःखद: यहां बंगाली डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत। परिवार में मचा कोहराम

यहां बंगाली डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत। परिवार में मचा कोहराम

हल्द्वानी में एक गर्भवती महिला की अचानक से तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया।

वहीं मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से थाना अलीगंज, बरेली व हाल जीना कालोनी, छड़ायल निवासी महिपाल साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाता है। महिपाल ने पुलिस को बताया कि, उसकी 24 वर्षीय पत्नी अनिता सात माह की गर्भवती थी। जिसके बाद मंगलवार की शाम उसे सांस लेने में परेशानी हुई।

जिसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी छड़ायल चौराहे पर एक बंगाली डॉक्टर को दिखाया। आरोप है कि, डाक्टर ने बिना बीपी नापे इंजेक्शन लगाकर उसे घर भेज दिया। घर पहुंचते ही पत्नी की तबीयत और बिगडऩे लगी। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुखानी थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि, गर्भवती के स्वजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के बाद जांच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। बुधवार को नायब तहसीलदार हरीश चंद्र की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम किया गया।

पुलिस ने बताया कि, अनिता के तीन साल का एक बेटा है। बेटे ने होश भी नहीं संभाला है कि सिर से मां का साया उठ गया है। वहीं अबोध बच्चा मां की मौत से अंजान बना रहा।

थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट का कहना है कि, तहरीर मिलने के बाद झोलाछाप डाक्टर पर शिकंजा कसा जाएगा। मामले में उसकी संलिप्ता मिली तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि, झोलाछाप डाक्टर से इलाज न कराएं।