बड़ी खबर: मंत्री धन सिंह रावत पर आचार संहिता का मुकदमा दर्ज

मंत्री धन सिंह रावत पर आचार संहिता का मुकदमा दर्ज
आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर आयोग सख्त हो गया है। प्रदेश में धारा 144 लागू होने के बाद भी बैठक करने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट सहित 11 पदाधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
विधानसभा चुनाव को लेकर गठित उड़नदस्ता टीम के प्रभारी कमल भारती की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इस मामले में बृहस्पतिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भी शिकायत दर्ज की गई थी।
बृहस्पतिवार को भाजपा जिला कार्यालय ग्वीलों गोपेश्वर में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत ने सुझाव पत्र पेटी का शुभारंभ किया।
कांग्रेस का आरोप था कि इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था, जिसके बाद कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली गई। इसे कांग्रेस ने आचार संहिता के तहत लागू धारा 144 के तहत प्रदेश में किसी भी प्रकार की बैठकों, रैलियों और सभाओं पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन बताया था। कांग्रेस की ओर से भाजपा के कार्यक्रम की फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए गए हैं।
शुक्रवार को इस मामले में उड़नदस्ता टीम की तहरीर पर गोपेश्वर थाने में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट सहित 11 पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।