कैंट विधानसभा में क्षेत्रवासियों के घरों में घुसा पानी। आप प्रवक्ता ने विधायक का घेराव कर की भरपाई की मांग

कैंट विधानसभा में क्षेत्रवासियों के घरों में घुसा पानी। आप प्रवक्ता ने विधायक का घेराव कर की भरपाई की मांग

देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्रांतर्गत टीचर्स कालोनी में बरपे बारिश के कहर के बाद आज क्षेत्रवासियों ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह आनंद के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक हरबंस कपूर का घेराव किया। इस दौरान विधायक हरबंस कपूर और आप प्रवक्ता आनंद के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बता दें कि, आप प्रवक्ता ने क्षेत्रवासियों के नुकसान की भरपाई की मांग की।

ज्ञात हो कि, गत दिवस तेज बारिश के बाद टीचर्स कालोनी स्थित नाले के भरने से क्षेत्रवासियों के घरों में पानी घुस गया था। जिससे बहुत से लोगों को खासा नुकसान हुआ। घरों की दीवारें भरभरा कर टूट गई व सामान सब पानी के कारण खराब हो गया। मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने क्षेत्रीय विधायक हरबंस कपूर को फोन कर वहां बुलवाया। जहां विधायक के पहुंचते ही स्थानीय निवासियों ने उनका घेराव कर दिया।

जानकारी देते हुए आनंद ने बताया कि, बरसात के दौरान लोगों के घरों में पानी घुसना यह एक आम बात हो गयी है। क्योंकि बरसात से पूर्व नालों की सफाई नहीं करवाई जाती और नाले चोक हो कर भर जाते है। जिससे यह नुकसान क्षेत्रवासियों को झेलना पड़ता है। उन्होंने बताया कि, क्षेेत्रीय निवासी इंदिरा एवं उमा कोठारी ने पूर्व में ही क्षेत्रीय विधायक को सचेत किया था व इसकी जिम्मेदारी उठाने को कहा था परंतु किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी और आज लोगों का इतना नुकसान हो गया है।

मौके पर क्षेत्रवासियों एवं रविंद्र आनंद की विधायक हरबंस कपूर से तीखी बहस भी हुई और रविंद्र आनंद ने उनसे क्षेत्रावासियों के नुकसान की भरपाई करने की भी मांग की। इस दौरान श्री आनंद ने विजय कुमार के घर का भी निरीक्षण किया। बता दें कि, विजय कुमार सुबह लगभग 200 घरों में अखबार बांटने का काम करते हैं।

विजय कुमार ने बताया कि, उनका मकान में से बहे मलबे में लोहा, सरिया, पाइप, खिड़कियां इत्यादि नगर निगम की टीम द्वारा जेसीबी में रख ली गई। इस पर रविंद्र सिंह आनंद भड़क उठे और उन्होंने वह सामान जेसीबी से निकलवाकर वापस दिलवाया। सभी क्षेत्रवासियों ने भविष्य के लिए क्षेत्रीय विधायक व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार की चेतावनी भी दी। इस मौके पर मनीष सोनकर, इंदु राम कुमार शर्मा, योग माया कांबोज, उमा कोठारी आदि मौजूद थे।