Exclusive: खुलता उत्तराखंड-बढ़ता कोरोना। प्रदेश में आज 85 नए संक्रमित। कुल आंकड़ा 1043

खुलता उत्तराखंड-बढ़ता कोरोना: प्रदेश में आज 85 नए संक्रमित। कुल आंकड़ा 1043

देहरादून। उत्तराखंड में आज कुल 85 कोरोना संक्रमित मामले पाए गए हैं। इन नए मामलों के मिलने से अब प्रदेश मे कुल आंकड़े 1043 हो गए हैं। अब तक प्रदेश में 252 लोग ठीक हो चुके हैं। शाम 08 बजे जारी हैल्थ बुलेटिन के अनुसार 44 नए मरीज पाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक 22 मामले नैनीताल जनपद से पाए गए हैं। इनमें सभी लोग मुंबई से लौटे हैं। इसके अलावा 11 मामले देहरादून में पॉजीटिव आए हैं। इसमें 6 मामले प्राइवेट लैब में पाए गए। इन मामलों में से 04 लोग देहरादून सब्जी मंडी में किसी पॉजीटिव व्यक्ति के संपर्क में आने के कारण संक्रमण की चपेट में आए हैं। एक व्यक्ति सहारनपुर यूपी से माइग्रेट हुआ है, जबकि छह लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री ज्ञात नहीं है।

पौड़ी जनपद से 03 लोग पॉजीटिव मिले हैं। इनकी भी ट्रेवल हिस्ट्री ज्ञात नहीं है। टिहरी में तीन लोग संक्रमित पाए गए, जो मुंबई से लौटकर आए हैं। रुद्रप्रयाग में दो लोग पॉजीटिव हुए हैं जो दिल्ली से लौटे हैं। इसके अलावा चमोली जनपद में तीन व्यक्तियों की रिपोर्ट पाजीटिव आई है, जिनमें से दो पुणे से, जबकि एक व्यक्ति दिल्ली से लौटा है। उधर आज सायं एम्स ऋषिकेश में 32 वर्षीय एक युवक की रिपोर्ट संक्रमित आई है।

एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल के अनुसार मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी 32 वर्षीय लकवाग्रस्त युवक बीते 30 मई को अपनी पत्नी के साथ एम्स ओपीडी में आया था, जहां उसे एमआरआई की सलाह दी गई थी। एमआरआई से पूर्व उसका कोविड सैंपल लिया गया, जो कि मंगलवार को पॉजिटिव पाया गया है। युवक ने अपना वर्तमान पता रेलवे स्टेशन, ऋषिकेश लिखवाया है। इस बाबत स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को सूचित कर दिया गया है।

इससे पहले आज दोपहर को जारी हैल्थ बुलेटिन में 41 लोग पॉजीटिव पाए गए थे। अब प्रदेश में 790 एक्टिव मामले विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। आज दिनभर सर्वाधिक 36 मामले देहरादून जनपद से आए। इसके अलावा 11 लोगों की टिहरी जिले से पॉजीटिव रिपोर्ट आई है। तीन लोग चमोली जिले के संपर्क पाए गए हैं और एक व्यक्ति हरिद्वार से सामने आया है। इसके अलावा प्राइवेट लैब में भी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी।

अब तक प्रदेश में सात लोगों की विभिन्न बीमारियों से मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग प्रदेश से माइग्रेट हो चुके हैं। इसके अलावा आज 1268 लोगों के सेंपल जांच के लिए भेजे गए। अब तक कुल 24262 लोगों के सेंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि अभी भी 6863 लोगों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। प्रदेश में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट 24.32 प्रतिशत है।