क्राइम रिपोर्ट: देहरादून में कपूर परिवार पर टूटा कहर, गंगनानी में चार शव बरामद। हरिद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म

देहरादून में कपूर परिवार पर टूटा कहर, गंगनानी में चार शव बरामद। हरिद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों और अपराध की घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यूरिया से भरा ट्रक कार के ऊपर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।

दूसरी ओर, उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में चार लोगों के शव बरामद होने की सूचना है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।

वहीं, हरिद्वार के ज्वालापुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोरी के यौन शोषण के आरोप में उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया गया है।

मोहब्बेवाला में ट्रक के नीचे दबी कार, एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के पास बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर की ओर से आ रहा यूरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया।

ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा सुरक्षित बचा लिया गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह पिचक चुकी थी। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कटर की मदद से कार का हिस्सा काटना पड़ा। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।

मृतकों की पहचान 63 वर्षीय किरण कपूर, उनके 38 वर्षीय बेटे मिश्रेष कपूर, 38 वर्षीय बहू निशा आनंद कपूर और कार चालक नीरज के रूप में हुई है।

हादसे में परिवार का छह वर्षीय बेटा माहेर कपूर सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और देहरादून में भी उसका घर है।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने और बचाव अभियान के चलते सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया।

गंगनानी में भागीरथी नदी में गिरी इनोवा, चार शव बरामद

उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी।

वाहन में सात लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में अब तक चार लोगों के शव नदी किनारे बरामद होने की सूचना है, जबकि एक घायल व्यक्ति को सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:21 बजे गंगनानी के पास वाहन के नदी में गिरने की सूचना मिली। दुर्घटनास्थल गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर बताया गया है।

सूचना मिलते ही मनेरी पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। चार शव बरामद होने के बाद शेष लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

अभियान में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें नदी और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और वाहन में सवार सभी लोगों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

केदारताल में सर्च अभियान पर गई एसडीआरएफ टीम सुरक्षित

उधर, केदारताल क्षेत्र में लापता ट्रेकर्स की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। एसडीआरएफ कंट्रोल रूम, जौलीग्रांट से मिली जानकारी के अनुसार टीम ने गुरुवार सुबह 8:45 बजे निर्धारित क्षेत्र में सर्च अभियान के लिए प्रस्थान किया।

हरिद्वार में रिश्ते शर्मसार, सौतेले पिता पर नाबालिग बेटी के शोषण का आरोप

हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 वर्षीय किशोरी ने अपने सौतेले पिता पर लंबे समय से दुष्कर्म और शारीरिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

किशोरी शोषण से परेशान होकर घर छोड़कर हिमाचल प्रदेश में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के पास चली गई थी।

हैरानी की बात यह है कि किशोरी के लापता होने पर उसके सौतेले पिता ने ही पुलिस में शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू की। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित टीम को जांच के दौरान किशोरी के हिमाचल प्रदेश में अपनी बड़ी बहन के पास होने की जानकारी मिली।

पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान किशोरी ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी।

इसके बाद से उसका सौतेला पिता उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। इसी से परेशान होकर वह बिना बताए घर से निकलकर अपनी बड़ी बहन के पास चली गई थी।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के अनुसार, किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(1), 5(m), 5(n) और 6 की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।