राजनीति: हाईकमान की नाराजगी के बीच हरदा का शक्ति प्रदर्शन, बोले- 7 अक्टूबर को दूंगा पूरा जवाब

हाईकमान की नाराजगी के बीच हरदा का शक्ति प्रदर्शन, बोले- 7 अक्टूबर को दूंगा पूरा जवाब

हल्द्वानी। कांग्रेस हाईकमान की नाराजगी और ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार रात हल्द्वानी पहुंचे।

कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान रावत ने साफ कहा कि उनकी यात्रा किसी राजनीतिक मकसद से नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता और देवी-देवताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए निकाली गई है।

हल्द्वानी पहुंचने पर हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें प्रदेशभर में लोगों का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच बदलाव की चाह साफ दिखाई दे रही है और यही भावना 2027 के विधानसभा चुनावों में बड़ा असर डाल सकती है।

कांग्रेस हाईकमान की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए रावत ने कहा कि वह 7 अक्टूबर को कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी को स्पष्टीकरण मांगने का पूरा अधिकार है और वह पूरी स्थिति स्पष्ट करेंगे।

रावत ने बताया कि उन्होंने आगे प्रस्तावित कुछ यात्राओं को स्थगित करने की बात भी नेतृत्व से कही है, लेकिन पहले से तय कार्यक्रमों को अचानक रद्द करना कार्यकर्ताओं के मनोबल पर प्रतिकूल असर डालता।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है और प्रदेशभर में पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा कार्यकर्ता किसी न किसी रूप में इस अभियान से जुड़े हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब संगठन स्तर पर कोई बड़ा जनसंपर्क अभियान नहीं चल रहा है, तब उनकी धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा से पार्टी कार्यक्रमों को नुकसान कैसे पहुंच सकता है।

इस दौरान हरीश रावत ने प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि काशीपुर से लेकर नैनीताल और हल्द्वानी तक उनकी यात्रा को प्रभावित करने की कोशिश की गई।

रावत ने कहा कि उनके काफिले को रास्ते में भटकाया गया, निर्धारित सुविधाएं नहीं दी गईं और कई स्थानों पर प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस का समय अपराध नियंत्रण में लगना चाहिए, न कि राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावित करने में।

वहीं, कांग्रेस नेतृत्व की ओर से भी स्पष्ट संदेश दिया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तराखंड में पार्टी के सभी अभियान सामूहिक रूप से और संगठन के बैनर तले ही चलाए जाएंगे।

उन्होंने दोहराया कि व्यक्तिगत अभियान पार्टी को स्वीकार नहीं हैं और सभी कार्यक्रम संगठन की रणनीति के अनुरूप होने चाहिए।

ऐसे में हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा अब केवल जनसंपर्क अभियान नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व, संगठन और 2027 की राजनीतिक रणनीति को लेकर चल रही बहस का केंद्र बनती जा रही है। 7 अक्टूबर को पार्टी नेतृत्व के साथ होने वाली बैठक पर अब प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।