विद्यार्थियों-अभिभावकों के लिए संवाद का मंच, ‘शिक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम शुरू
देहरादून। गांधी जयंती के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता, संवाद और समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होलकर एजुकेशनल ट्रस्ट ने ‘शिक्षा पे चर्चा’ नामक विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की है।
कार्यक्रम की मेजबानी एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर कर रहे हैं। पहल के तहत विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच स्पष्टता विकसित करने के साथ ही शिक्षा से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं और समस्याओं पर समाधान की दिशा तलाशने पर जोर दिया जा रहा है।
‘शिक्षा पे चर्चा’ में शिक्षाविदों, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है। विशेषज्ञ विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों, भावनात्मक विकास, अभिभावक-विद्यार्थी संबंधों और बदलते शिक्षा परिवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और व्यावहारिक सुझाव साझा कर रहे हैं।
कार्यक्रम में एडिफाई वर्ल्ड स्कूल देहरादून के छात्र-छात्राएं ऑफलाइन भाग ले सकते हैं। वहीं दूरदराज और सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थी एवं अभिभावक ‘एडिफाई दून’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से कार्यक्रम को ऑनलाइन देख सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम को विद्यार्थियों और अभिभावकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्हें अपनी समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखने और उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन के माध्यम से समाधान के नए रास्ते समझने का अवसर मिल रहा है।
एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े विषयों पर खुला और सार्थक संवाद स्थापित करना है।
होलकर एजुकेशनल ट्रस्ट के अनुसार, ऐसे संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विशेषज्ञों के बीच बेहतर समझ और सहयोग विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।


