युवती की मौत का खुलासा, प्रेमिका ने दी सुपारी, बेटे के वार से पिता की मौत
देहरादून। उत्तराखंड में सामने आए तीन अलग-अलग आपराधिक मामलों में पुलिस ने महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। काशीपुर में युवती की गोली लगने से मौत के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
देहरादून में बैंककर्मी पर फायरिंग की साजिश उसकी पूर्व प्रेमिका द्वारा रची गई बताई गई है, जबकि हरिद्वार में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे के हमले से पिता की मौत हो गई।
उधम सिंह नगर के काशीपुर स्थित महुआखेड़ागंज क्षेत्र में 20 वर्षीय मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। जांच में सामने आया कि घटना के दौरान मेहविश और साजिद की छोटी बेटी के बीच छीनाझपटी हुई थी।
इसी दौरान बच्ची के हाथ से गोली चल गई, जो मेहविश को लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने खून के निशान मिटाने और घटनास्थल बदलने का प्रयास भी किया था।
वहीं देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने उसकी हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी।
पुलिस के अनुसार सत्यम द्वारा दूसरी युवती से सगाई करने और संपर्क खत्म करने से नाराज मालिया ने अपने परिचितों के माध्यम से शूटरों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी।
पुलिस ने मालिया रहमान, मोहित और शूटर अंकित चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अंकुर अभी फरार है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
उधर हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार 60 वर्षीय प्यारेलाल और उनके बेटे प्रकाश के बीच काम करने को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद के दौरान प्रकाश ने डंडे से पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्यारेलाल को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तीनों मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


