बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड PCS-2026 का विज्ञापन जारी, डिप्टी कलेक्टर और DSP समेत 67 पदों पर होगी भर्ती

उत्तराखंड PCS-2026 का विज्ञापन जारी, डिप्टी कलेक्टर और DSP समेत 67 पदों पर होगी भर्ती

  • 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन, 7 से 16 अक्टूबर तक आवेदन पत्र में संशोधन का मिलेगा मौका

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग ने विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर भर्ती निकाली है।

इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के तहत डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक (DSP), जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों को शामिल किया गया है।

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार सबसे अधिक 14 पद पुलिस उपाधीक्षक के हैं, जबकि डिप्टी कलेक्टर के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8, सहायक आयुक्त राज्य कर के 1 और सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का 1 पद शामिल है।

इसके अलावा उद्यान विकास अधिकारी, उप शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा, सहायक निदेशक कारखाना एवं बॉयलर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, राज्य कर अधिकारी और महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

भर्ती में अधिकांश प्रशासनिक पदों के लिए वेतनमान लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक निर्धारित किया गया है। वहीं राज्य कर अधिकारी के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान तय किया गया है।

आरक्षण की बात करें तो कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग, 13 अनुसूचित जाति, 11 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित किए गए हैं। विज्ञापन में महिला और अन्य क्षैतिज आरक्षण से संबंधित विवरण भी शामिल किए गए हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक संशोधन का अवसर दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क भी 29 सितंबर तक ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के जरिए किया जा सकेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन या शुल्क को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

UKPSC ने अभ्यर्थियों से भर्ती से संबंधित शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा योजना और अन्य शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन से प्राप्त करने की अपील की है। PCS-2026 का विस्तृत विज्ञापन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।