नेत्रदान से रोशन होंगी जिंदगियां, 41वें नेत्रदान पखवाड़े में नेत्रदाताओं के परिवार सम्मानित
देहरादून। 41वें नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के एसएमआई आई बैंक द्वारा विशेष जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना तथा नेत्रदान करने वाले दिवंगत दाताओं और उनके परिवारों के योगदान को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम में नेत्रदान करने वाले दिवंगत दाताओं के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही अस्पताल के उन नर्सिंग स्टाफ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया, जो मृत्यु की सूचना समय पर नेत्र बैंक तक पहुंचाकर संभावित नेत्रदाताओं की पहचान और निर्धारित समय में कॉर्निया संग्रहण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसएमआई आई बैंक की निदेशक प्रो. डॉ. तरन्नुम शकील ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय एवं पुनीत कार्य के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नेत्रदान केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि किसी की अंधेरी दुनिया में उजाले की नई शुरुआत है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नेत्रदाताओं और उनके परिवारों का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा जन-जागरूकता के जरिए इस अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है।


