बड़ी खबर: जेल परिसर के पास गैंग की साजिश फेल, छात्रों तक पहुंच रही थी शराब। जानलेवा पोल ने फिर बढ़ाई चिंता

जेल परिसर के पास गैंग की साजिश फेल, छात्रों तक पहुंच रही थी शराब। जानलेवा पोल ने फिर बढ़ाई चिंता

हल्द्वानी में पुलिस ने जेल परिसर के पास कथित बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। देहरादून में आबकारी विभाग ने हरियाणा से लाई गई शराब कॉलेज छात्रों तक होम डिलीवरी के जरिए पहुंचाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

वहीं लाइन नंबर-15 में करंट से पिता-पुत्री की मौत के कुछ दिन बाद उसी इलाके के बिजली के पोल में फिर करंट उतरने से लोगों में दहशत फैल गई।

हल्द्वानी जेल के पास पीछा कर दी जान से मारने की धमकी, तीन गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में जेल परिसर के पास कथित बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज और सुरागरसी के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला 24 अगस्त का है, जब अराज सिंह सिद्धू अपने एक मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल पहुंचे थे। आरोप है कि सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और उनका एक अन्य साथी सिल्वर रंग की वरना कार से उनका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने और अवैध हथियार रखने की आशंका जताई थी।

मामले में 25 अगस्त को थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 290/2026 दर्ज किया गया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बाजपुर निवासी सौरभ बावा, दोराहा निवासी मानव वाट और केलाखेड़ा क्षेत्र निवासी गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन शामिल हैं। तीनों के खिलाफ पहले भी हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

आरोपियों के एक साथी जतिन्द्र सिंह को पुलिस पहले ही अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई से संवेदनशील जेल परिसर के आसपास संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया।

देहरादून में छात्रों को शराब की होम डिलीवरी का आरोप, 19 पेटी बरामद

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली-बिधौली इलाके में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से तस्करी कर लाई गई 19 पेटी शराब और बियर बरामद की है। विभाग के मुताबिक, शराब को कॉलेज छात्रों तक होम डिलीवरी के जरिए पहुंचाकर बेचने का आरोप है।

प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन दल और आबकारी टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक चारपहिया वाहन और तीन स्कूटी जब्त की गईं। बरामद खेप में ‘For Sale in Chandigarh Only’ अंकित 10 पेटी अंग्रेजी/इंपोर्टेड शराब और नौ पेटी बियर शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी विक्रांत उर्फ गर्वित कथित तौर पर अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। मौके से अंकुश, सौरभ और महिला आरोपी पिंकी, तीनों निवासी हरियाणा, को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पिता-पुत्री की मौत के बाद उसी पोल में फिर उतरा करंट, लोगों में दहशत

उत्तराखंड। लाइन नंबर-15 में 17 अगस्त को करंट की चपेट में आने से मोहम्मद नदीम और उनकी 13 वर्षीय बेटी की मौत के कुछ दिन बाद उसी इलाके में एक बार फिर बिजली के पोल में करंट उतरने की घटना से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

बुधवार को दो बकरियां और एक कुत्ता पोल के संपर्क में आने से बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और लोगों ने विद्युत विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए।

सूचना पर पहुंचे विद्युत विभाग के JE ने पोल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पोल के एक हिस्से से बिजली का तार टच होने की बात सामने आई, जिसके कारण करंट उतरने की स्थिति बनी।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि 17 अगस्त की जानलेवा घटना के बाद भी उसी इलाके में ऐसी स्थिति दोबारा कैसे पैदा हो गई। लोगों ने लाइन नंबर-15 और आसपास के पूरे क्षेत्र के बिजली के पोलों और तारों की तत्काल जांच कर स्थायी समाधान की मांग की है।