बिग ब्रेकिंग: ऊधम सिंह नगर गैंगरेप कांड का खुलासा, एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार

ऊधम सिंह नगर गैंगरेप कांड का खुलासा, एनकाउंटर के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, देर रात चेकिंग अभियान के दौरान बाइक सवार तीनों संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी।

इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दोनों साथियों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच उपचार चल रहा है।

ऐसे हुई थी सनसनीखेज वारदात

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से गढ़वाल क्षेत्र की रहने वाली है और रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि तीनों युवकों ने चारों को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। रास्ते में मौका मिलने पर पीड़िता की सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, लेकिन पीड़िता और उसका दूसरा साथी आरोपियों के कब्जे में रह गए।

जंगल में ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म

पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़िता और उसके साथी को काशीपुर फ्लाईओवर की ओर ले गए। कुछ दूरी पर उन्होंने युवक को छोड़ दिया, जबकि युवती को घने जंगल में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में छतरपुर-भूरारानी निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास (मेट्रोपोलिस अंडरपास) के पीछे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

युवती के लापता होने पर परिजनों और पुलिस ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह घायल और बदहवास हालत में झाड़ियों में मिली। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाकर मेडिकल परीक्षण कराया।

शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़िता के बयान और उसकी सहेली की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य भी जुटाए।

घेराबंदी के बाद मुठभेड़, तीनों गिरफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में जिलेभर में विशेष पुलिस टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार चेकिंग और घेराबंदी के दौरान सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में बाइक पर सवार तीनों संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए।

पुलिस का कहना है कि रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु (निवासी गदरपुर) के पैर में गोली लगी।

इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दोनों साथियों जोगा सिंह तथा रविंदर (दोनों निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने विवेचना को तेजी से पूरा करने, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट तैयार करने तथा आरोपियों को शीघ्र न्यायालय से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।