क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में अपराध से जुड़ी कई बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….

उत्तराखंड में अपराध से जुड़ी कई बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार और गुरुवार के बीच हादसों, अपराध और प्रशासनिक कार्रवाइयों से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। चमोली में तमिलनाडु का एक श्रद्धालु अलकनंदा नदी में बह गया, जबकि पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई।

देहरादून में एक कंपनी के जेनरेटर रूम में दो इंजीनियर मृत मिले। वहीं ऋषिकेश में राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य के घर चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

दूसरी ओर प्रशासन ने शराब की दुकानों पर छापेमारी कर कई अनियमितताएं पकड़ीं और पुलिस ने एमडीएमए तस्करी व साइबर ठगी से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया।

चमोली जिले के नंदप्रयाग में तमिलनाडु निवासी 40 वर्षीय गुरु प्रसाद अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने के बाद अलकनंदा नदी से जल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गए।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें देर शाम तक उनकी तलाश में जुटी रहीं, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।

उधर, पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश यात्रा पर आई 66 वर्षीय महिला श्रद्धालु मान्धा देवममा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उन्हें कुटी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंजी लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। प्रशासन ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

राजधानी देहरादून के पटेलनगर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में एक इंटरनेट सर्विस कंपनी के जेनरेटर रूम में दो इंजीनियर अचेत अवस्था में मिले। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान हरिद्वार निवासी रोहित सिंह और उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी लवकुश के रूप में हुई है। पुलिस प्रथम दृष्टया जेनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने को मौत की वजह मान रही है, हालांकि अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर भी चिंता बढ़ी हुई है। इस वर्ष यहां करीब 15 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। परिवहन विभाग ने क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और नई गति सीमा लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।

स्थानीय लोगों ने ओवरस्पीडिंग, भारी वाहनों के दबाव और ढलान को दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह बताया है।
ऋषिकेश में राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य दयाशंकर पांडे के घर में चोरी की वारदात सामने आई है।

सीसीटीवी फुटेज में चोर करीब 36 मिनट तक घर के भीतर घूमता दिखाई दिया। घटना के बाद पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

इस बीच देहरादून जिला प्रशासन ने शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अनियमितताओं के खिलाफ देर रात छापेमारी अभियान चलाया।

जांच के दौरान आईएसबीटी, प्रेमनगर, जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की दुकानों में ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होने, रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने और अनाधिकृत सेल्समैन मिलने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

नशे के खिलाफ अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने केरल के दो छात्रों को 8.73 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों छात्र महंगे शौक पूरे करने के लिए ड्रग्स बेचने की तैयारी में थे।

वहीं पिथौरागढ़ की बेरीनाग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करने वाले म्यूल अकाउंट गैंग के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जांच में 3.03 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है।

एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में देहरादून की बहुचर्चित डिफेंस कॉलोनी भूमि आवंटन मामले में पुलिस ने 16 नामजद आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल कर दी है।

पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोपों की पुष्टि नहीं होने की बात कही है।

वहीं चमोली की निजमूला घाटी में बीएसएनएल के एकमात्र मोबाइल टावर का बिजली कनेक्शन बकाया बिल के कारण काट दिए जाने से करीब 15 ग्राम सभाओं का संचार नेटवर्क ठप हो गया है। ग्रामीणों ने इसे दूरस्थ क्षेत्र के लिए गंभीर समस्या बताते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।