देहरादून में बारिश का अलर्ट, 18 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी बंद
देहरादून। जनपद देहरादून में लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटे के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल (NDMA) द्वारा जारी अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
संभावित आपदा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार 18 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिला प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


