PMAJAY के तहत देहरादून में 465 युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर, डीएम ने मंजूर की कार्ययोजना
देहरादून। अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।
प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PMAJAY) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹124.94 लाख की जिला कार्ययोजना को जिलाधिकारी ने मंजूरी दे दी है। अब इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा गया है।
योजना के तहत जिले के 465 अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास का लाभ मिलेगा। इनमें 175 बेरोजगार युवक-युवतियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए ₹87.55 लाख की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि 290 शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगारपरक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण प्रतिष्ठित एवं अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा, ताकि युवाओं को वर्तमान बाजार की मांग के अनुरूप कौशल प्राप्त हो और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
उन्होंने निर्देश दिए कि शासन से स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ समय पर पहुंच सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि कार्ययोजना को अंतिम मंजूरी के लिए शासन और केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही पात्र युवाओं का चयन, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए अनुदान वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
यह पहल अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

