बड़ी खबर: सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में बवाल, कर्मचारियों में मारपीट। 112 पर बुलानी पड़ी पुलिस

सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में बवाल, कर्मचारियों में मारपीट। 112 पर बुलानी पड़ी पुलिस

हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की मोर्चरी में सोमवार को कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

व्यवस्थाओं को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई, जिससे मोर्चरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ने पर 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस मोर्चरी में कार्यरत कर्मचारी बबलू को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। वहीं मोर्चरी प्रभारी (एचओडी) और अन्य कर्मचारियों के बीच भी तीखी बहस हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि डंडा चलने जैसी स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी हेमंत सिंह गौनिया को मोर्चरी प्रभारी और कर्मचारी बबलू दोनों के फोन आए। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी और प्राचार्य प्रो. गोविंद तीतयाल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मोर्चरी की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की।

हेमंत सिंह गौनिया ने कहा कि यदि अस्पताल के कर्मचारी ही आपस में मारपीट करेंगे तो इससे आम जनता और मृतकों के परिजनों का अस्पताल प्रशासन पर भरोसा प्रभावित होगा।

उन्होंने मोर्चरी की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मोर्चरी की कार्य व्यवस्था प्रभावित होने की भी सूचना है। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।