मुजफ्फरपुर के अस्पताल में तड़के लगी भीषण आग, ICU में भर्ती 3 मरीजों की मौत
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसिद्ध प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया।
अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी आग और धुएं के कारण अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए खिड़कियां तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के दौरान पूरे अस्पताल परिसर में धुआं भर गया था, जिससे बचाव कार्य में भी कठिनाई आई।
अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि तीन लोगों की मौत की सूचना की पुष्टि की गई है।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि आईसीयू में 13 से 15 मरीज भर्ती थे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुछ मरीजों को अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है।
प्रशासन मृतकों की पहचान और संपत्ति के नुकसान का आकलन करने में जुटा है। हादसे के बाद प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ितों को हर संभव सहायता और राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

