उत्तराखंड में PCS अधिकारियों के तबादले। आदेश जारी
देहरादून। उत्तराखंड शासन द्वारा किए गए हालिया पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में मनीष कुमार सिंह की एक बार फिर नैनीताल जिले में वापसी हुई है।
हरिद्वार विकास प्राधिकरण के सचिव पद पर तैनात मनीष कुमार सिंह को अब नैनीताल झील विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
मनीष कुमार सिंह इससे पूर्व हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी वापसी को कुमाऊं क्षेत्र के प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, वर्तमान में नैनीताल झील विकास प्राधिकरण के सचिव और केएमवीएन के महाप्रबंधक का दायित्व संभाल रहे विजय नाथ शुक्ला का तबादला कर उन्हें ऋषिकेश नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न विभागों में कार्यों की गति और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

