उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी पूर्वानुमान जताया गया है।
विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
वहीं राज्य के अन्य पर्वतीय और मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में इन दिनों प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिसके चलते लगातार बारिश हो रही है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

