उत्तराखंड में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर फोकस, कई जिलों में बड़ी कार्रवाई। आप भी पढ़ें…
देहरादून। उत्तराखंड में कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। हरिद्वार में जहां सोशल मीडिया के लिए कार से स्टंट करने वाले युवकों पर शिकंजा कसा गया।
वहीं युवक को रस्सियों से बांधकर पीटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दूसरी ओर देहरादून में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 52 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है।
हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में बीएचईएल स्टेडियम के पास एसयूवी कार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
चालक साजिद निवासी एक्कड़ खुर्द को हिरासत में लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़कें स्टंट और रील बनाने का मंच नहीं हैं।
वहीं हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में एक युवक को रस्सियों से बांधकर पीटने के वायरल वीडियो पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। जांच में सामने आया कि मारपीट करने वाले दोनों आरोपी पार्किंग कर्मचारी हैं।
पुलिस ने नूतन और रोबिन को हिरासत में लेकर कार्रवाई की, जबकि सत्यापन नहीं कराने पर पार्किंग संचालक के खिलाफ भी चालान किया गया।
देहरादून में होटल मैनेजमेंट छात्रों को विदेशी जहाजों और क्रूज शिप में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एमजीआईएचएम संस्थान की शिकायत पर झारखंड निवासी दंपति नीतीश कुमार और एस कुमारी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि दोनों ने वीजा, प्रोसेसिंग और रोजगार के नाम पर विभिन्न युवाओं से करीब 52 लाख रुपये की रकम वसूली।
दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद उत्तराखंड अग्निशमन विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया है। देहरादून में बीते एक महीने में 200 से अधिक संस्थानों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया, जबकि वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में लगभग एक हजार भवनों का निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
हरिद्वार नगर निगम में भी उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कांग्रेस पार्षदों ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्ट्रीट लाइट कार्यालय में तालाबंदी कर दी। कर्मचारियों और पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
चमोली जिले में बदरीनाथ धाम की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने चार लोगों को प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़ा।
वाहन से 12 किलो से अधिक चिकन और मछली के साथ तीन बोतल शराब बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए बरामद सामग्री नष्ट कर दी गई।
नैनीताल जिले के कैंची धाम क्षेत्र में पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर ट्रैफिक प्लान का उल्लंघन करने वाले 12 दोपहिया टैक्सी वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
उधर उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय नरेश दिवाकर की मौत हो गई। आरोप है कि रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
प्रदेशभर में हुई इन कार्रवाइयों से साफ है कि प्रशासन कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में अब अधिक सख्ती बरत रहा है।

