UKPSC मित्र APP हुआ लॉन्च, अब मोबाइल पर मिलेंगी परीक्षा से जुड़ी सभी अपडेट
हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ‘यूकेपीएससी मित्र’ नाम से नया मोबाइल एप लॉन्च किया है।
आयोग का दावा है कि इस एप के जरिए भर्ती और परीक्षाओं से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां अब अभ्यर्थियों तक पहले से ज्यादा तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंच सकेंगी।
अब तक आयोग की ओर से परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र, परिणाम और अन्य सूचनाएं केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाती थीं। ऐसे में कई अभ्यर्थियों को समय पर अपडेट नहीं मिल पाती थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए आयोग ने यह नई डिजिटल पहल शुरू की है।
मोबाइल पर मिलेंगे परीक्षा, एडमिट कार्ड और रिजल्ट के अपडेट
‘यूकेपीएससी मित्र’ एप के माध्यम से अभ्यर्थी परीक्षा तिथि, प्रवेश पत्र जारी होने, परिणाम, साक्षात्कार और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारियां सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। आयोग की ओर से जारी हर महत्वपूर्ण सूचना नोटिफिकेशन के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचेगी।
अभ्यर्थी गूगल प्ले स्टोर से ‘यूकेपीएससी मित्र’ एप डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग का कहना है कि यह एप अभ्यर्थियों और आयोग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद करेगा।
“उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से शुरू किए गए ‘यूकेपीएससी मित्र’ मोबाइल एप के माध्यम से अभ्यर्थियों को भर्ती और परीक्षाओं से जुड़ी जानकारियां अब पहले से ज्यादा आसानी एवं तेजी से मिल सकेंगी। एप में कई उपयोगी सुविधाएं दी गई हैं।”— अशोक कुमार पांडेय, सचिव, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग
वीडियो और तस्वीरों के जरिए भी मिलेगी जानकारी
आयोग के अनुसार एप में महत्वपूर्ण सूचनाएं वीडियो और तस्वीरों के माध्यम से भी साझा की जाएंगी, ताकि अभ्यर्थियों को जानकारी समझने में आसानी हो।
डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए आयोग ने इस एप को यूजर फ्रेंडली बनाया है, जिससे कहीं से भी और किसी भी समय भर्ती संबंधी अपडेट हासिल किए जा सकें।
“अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह पहल की गई है। डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच यह एप परीक्षा संबंधी सूचनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से अभ्यर्थियों तक पहुंचाने में मदद करेगा।”— अशोक कुमार पांडेय, सचिव, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग

