वीडियो: यात्रा सीजन में सक्रिय संदिग्ध गैंग? बदलते बयानों से बढ़ा शक, पुलिस अलर्ट

यात्रा सीजन में सक्रिय संदिग्ध गैंग? बदलते बयानों से बढ़ा शक, पुलिस अलर्ट

देहरादून। श्रीनगर में चारधाम यात्रा सीजन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बाहरी राज्यों से आई कुछ युवतियां शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों से आर्थिक मदद मांगते हुए पकड़ी गईं। उनके हाथों में सहायता की अपील वाले कागज थे और वे दुकानदारों व राहगीरों से पैसे मांग रही थीं।

देखें वीडियो:-

मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम की मेयर आरती भंडारी मौके पर पहुंचीं और युवतियों से पूछताछ की। पूछताछ में युवतियों ने खुद को राजस्थान के मारवाड़ी क्षेत्र का निवासी बताया।

मेयर ने उन्हें शहर में इस तरह की गतिविधियां न करने की चेतावनी देते हुए तत्काल श्रीनगर छोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कुलदीप सिंह को फोन कर मामले में कार्रवाई करने को कहा।

इधर वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने भी स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने पर मोर्चा संभाला। उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाकर युवतियों को उनके हवाले कर दिया।

उनका कहना है कि चारधाम यात्रा की आड़ में भोले-भाले लोगों को ठगने की कोशिश करने वाले किसी भी संदिग्ध नेटवर्क को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूछताछ के दौरान युवतियों के बयान लगातार बदलते रहे। कभी वे खुद को केदारनाथ यात्रा पर जाने वाला बताकर पैसे जुटाने की बात कह रही थीं, तो कभी गरीबी का हवाला देकर मदद मांग रही थीं। विरोधाभासी बयानों के बाद स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने किसी संगठित गिरोह की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार इससे पहले भी शहर में इसी तरह की महिलाओं के घूमने की शिकायत सामने आ चुकी है। तब पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें शहर छोड़ने की चेतावनी देकर रवाना किया था। अब दोबारा ऐसे मामले सामने आने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

फिलहाल उत्तराखंड पुलिस सभी युवतियों से पूछताछ कर रही है और उनके श्रीनगर आने के उद्देश्य तथा संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से चारधाम यात्रा के दौरान सत्यापन अभियान तेज करने की मांग की है।