मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने बढ़ाया स्कॉलरशिप दायरा, अब 250 MBBS छात्रों को मिलेगी पूरी आर्थिक सहायता
देहरादून। मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने अपने प्रमुख मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम के चौथे संस्करण की शुरुआत करते हुए इस वर्ष इसके दायरे का बड़ा विस्तार किया है।
फाउंडेशन ने वार्षिक स्कॉलरशिप इनटेक को 100 छात्रों से बढ़ाकर 250 छात्रों तक कर दिया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के अधिक मेधावी छात्रों को मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
फाउंडेशन के अनुसार, वर्ष 2026-27 में उन 250 नए छात्रों को स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी जिन्होंने NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नागपुर, लखनऊ, मोहाली, देहरादून, बठिंडा और भुवनेश्वर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया है।
इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों में चयनित विद्यार्थियों को भी उनकी पढ़ाई पूरी होने तक वित्तीय सहायता मिलती रहेगी।
मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की चेयरपर्सन तरुणा सोई ने कहा कि आर्थिक चुनौतियां अक्सर प्रतिभाशाली छात्रों को डॉक्टर बनने के सपने से दूर कर देती हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इस कार्यक्रम के माध्यम से 245 छात्रों की मेडिकल शिक्षा में सहयोग किया गया है और अब 250 नए छात्रों को शामिल कर इसकी पहुंच को और व्यापक बनाया जा रहा है।
यह स्कॉलरशिप कार्यक्रम फाउंडेशन की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश में भविष्य के चिकित्सा पेशेवरों को तैयार करना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।
चयनित छात्रों को पांच वर्षीय MBBS कोर्स के दौरान ट्यूशन फीस के अलावा लैपटॉप, पाठ्यपुस्तकें, बोन सेट, डिसेक्शन किट, स्टेथोस्कोप सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को मासिक खर्च के लिए आर्थिक सहायता और अकादमिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक छात्र 4 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फाउंडेशन की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। चयन प्रक्रिया में आवेदन की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, साक्षात्कार तथा दस्तावेज सत्यापन जैसे चरण शामिल होंगे।
अंतिम चयन सामाजिक-आर्थिक स्थिति और NEET रैंक सहित विभिन्न मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।
फाउंडेशन का दावा है कि मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप भारत में मेडिकल शिक्षा के लिए प्रदान की जाने वाली सबसे बड़ी वार्षिक स्कॉलरशिप योजनाओं में से एक है, जो योग्य छात्रों को आर्थिक बाधाओं से मुक्त होकर डॉक्टर बनने का अवसर प्रदान कर रही है।


