बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड के स्कूलों में 14 अप्रैल को नहीं रहेगा अवकाश। जानिए क्यों?….

उत्तराखंड के स्कूलों में 14 अप्रैल को नहीं रहेगा अवकाश। जानिए क्यों?….

देहरादून। उत्तराखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। विद्यालयी शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत इस बार अंबेडकर जयंती पर स्कूलों में अवकाश नहीं रहेगा।

हालांकि देहरादून में यह व्यवस्था कुछ स्थानों पर चुनौतीपूर्ण हो सकती है, क्योंकि उसी दिन नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के चलते शहर में व्यापक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने दून पहुंचेंगे। ऐसे में उनके काफिले के रूट से जुड़े कुछ विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

विद्यालयों में होंगे विविध कार्यक्रम

महानिदेशक, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी स्कूलों में डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।

समानता और सामाजिक न्याय का संदेश

कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर के विचारों, सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि उनमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित हो सके।

प्रतिभागी छात्रों को मिलेगा प्रोत्साहन

शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सम्मानित भी किया जाए, जिससे उनमें सामाजिक चेतना और प्रेरणा का विकास हो।

सभी अधिकारियों को जारी किए गए निर्देश

यह आदेश राज्य के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों, माध्यमिक व प्राथमिक शिक्षा निदेशालयों और मंडलीय अधिकारियों को भेजा गया है, ताकि सभी विद्यालयों में समयबद्ध और प्रभावी तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।