दुष्कर्म: देहरादून में 14 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, हिरासत में तीन नाबालिग 

देहरादून में 14 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, हिरासत में तीन नाबालिग 

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि तीन युवक उसे बहला-फुसलाकर जंगल में ले गए और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

शिकायत के अनुसार गुरुवार शाम करीब सात बजे किशोरी धुलाई के लिए आए कपड़े देने पटेल नगर क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान एक किशोर ने फोन कर उसे हरिद्वार बाईपास स्थित एक स्कूल के पास बुलाया।

जब वह वहां पहुंची तो वहां दो अन्य किशोर भी मौजूद थे। आरोप है कि तीनों उसे बहला-फुसलाकर पास के जंगल में ले गए और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद शुक्रवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक किशोरी को बेहोशी की हालत में उसके घर के बाहर छोड़ गया।

पड़ोस में रहने वाली उसकी सहेली उसे घर लेकर आई। बेटी के होश में आ जाने के बाद उसने सारी आप बीती अपने घरवालों को बताई। जिससे परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।

उसी वक्त परिजन शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुचें। वहीं घटना की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पटेल नगर कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे और काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया।

जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही तीनों आरोपी नाबालिग हैं और हिरासत में लेकर जुवेनाइल कोर्ट में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।