केदारनाथ यात्रा की तैयारियों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं; डेडलाइन तय, होगी FIR
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड होते हुए घोड़ा पड़ाव तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि 15 मार्च तक यात्रा से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूरे हों, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर भू-स्खलन और भू-धंसाव संभावित क्षेत्रों—बांसवाड़ा, काकड़ागाड़, गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, रामपुर और मुनकटियाकृका—का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि, सड़क पर पड़े मलबे को तत्काल हटाया जाए, सिंकिंग जोन में ट्रीटमेंट कार्य तेज किया जाए,
संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जाएं।
डीएम ने दो टूक कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले किसी भी प्रकार का अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण और सड़क सुधार पर फोकस
राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की समीक्षा करते हुए बाजार क्षेत्रों में अवैध कब्जों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के आदेश दिए गए।
साथ ही निम्न कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए, चट्टानों में फंसे पत्थरों को हटाना, पैचवर्क और झाड़ी कटान, साइनेज और क्रैश बैरियर लगाना, मार्ग का सौंदर्यीकरण जिन कार्यों के लिए शासन स्तर से बजट की आवश्यकता है, उनकी रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है।
स्वच्छता और यात्री सुविधाएं प्राथमिकता में
यात्रा मार्ग को “ग्रीन और स्वच्छ” बनाने के लक्ष्य के तहत डीएम ने निर्देश दिए कि, स्थायी व मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था हो, नियमित साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो, महत्वपूर्ण स्थलों पर सोलर लाइट लगाई जाए।
सीतापुर पार्किंग का निरीक्षण कर शटल सेवा, मैकेनिक, कैंटीन, शौचालय और पुलिस चेकपोस्ट की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं गौरीकुंड स्थित तप्तकुंड क्षेत्र में चेंजिंग रूम, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। पैदल मार्ग पर बैरिकेडिंग और विश्राम स्थलों पर बेंच लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन की स्पष्ट प्रतिबद्धता
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन केदारनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संदेश साफ है-डेडलाइन तय है, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।



