बड़ी खबर: संत रविदास जयंती की शोभायात्रा में हिंसा, CCTV में पथराव और फायरिंग, युवक की मौत

संत रविदास जयंती की शोभायात्रा में हिंसा, CCTV में पथराव और फायरिंग, युवक की मौत

हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में संत रविदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर उजागर कर दी है। वीडियो के आधार पर पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गांव की गलियों में पथराव, ताबड़तोड़ फायरिंग और भगदड़ मची हुई है। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।

इसी हिंसा में 20 वर्षीय आनंद को गोली लग गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

यह घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव की है। रविवार को संत रविदास जयंती के मौके पर गांव में शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। इसी दौरान शोभायात्रा में शामिल दलित समाज के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

शुरुआत में विवाद को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बिगड़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले पथराव हुआ, इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

फायरिंग के बाद आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी युवक के घर पर तोड़फोड़ की और आगजनी की भी सूचना है। हालांकि पुलिस इस संबंध में तथ्यों की पुष्टि कर रही है।

SSP का बयान

हरिद्वार के SSP प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि यह विवाद दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक रूप ले गया। उन्होंने कहा कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं।

SSP के अनुसार, हालात को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।