क्राइम रिपोर्ट: दुष्कर्म, मारपीट, संदिग्ध मौत और साइबर ठगी समेत कई बड़ी खबरें….

दुष्कर्म, मारपीट, संदिग्ध मौत और साइबर ठगी समेत कई बड़ी खबरें….

देहरादून। उत्तराखंड में अपराध से जुड़ी कई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हल्द्वानी में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती के बाद नाबालिग किशोरी के शोषण का मामला सामने आया है ।

वहीं लक्सर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। देहरादून में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत और मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में सेंध के आरोप में कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा भी चर्चा में है।

दूसरी ओर, साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने चार जिलों में बड़े स्तर पर अभियान चलाकर 300 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

सोशल मीडिया दोस्ती के बाद नाबालिग के शोषण का आरोप

हल्द्वानी में 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी युवक पर शादी का भरोसा देकर करीब दो साल तक उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है।

किशोरी के अनुसार, वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान सागर प्रजापति से हुई थी। आरोप है कि युवक उसे नैनीताल और हल्द्वानी के अलग-अलग होटलों में ले जाता था।

जुलाई 2025 में संपर्क टूटने के बाद किशोरी मेरठ स्थित युवक के घर पहुंची, जहां स्वजन ने बालिग होने के बाद शादी कराने का आश्वासन दिया। बाद में शादी से इन्कार करने पर किशोरी ने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम मेरठ भेजी है।

लक्सर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार

हरिद्वार जिले के लक्सर में चार युवकों पर नाबालिग किशोरी को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने किशोरी को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

देहरादून में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत

रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में 70 वर्षीय पूजा बंसल का शव घर के अंदर मिला। महिला के गले पर खरोंच के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

सीएम आवास तक पहुंचने पर छह कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा

आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस नेताओं पर मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने का आरोप लगा है।

कैंट कोतवाली पुलिस ने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सागर मनवाल समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर सीएम आवास के गेट नंबर-2 तक पहुंचकर नारेबाजी की। मामले की जांच जारी है।

साइबर अपराध के खिलाफ चार जिलों में बड़ा अभियान

देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल में 3 सितंबर को साइबर अपराध के चिन्हित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। एसटीएफ की तकनीकी टीम के साथ करीब 2,000 पुलिसकर्मी कार्रवाई में शामिल हुए।

पुलिस के मुताबिक 300 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल और सिम की जांच के साथ साक्ष्यों के आधार पर नोटिस, एफआईआर और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

मसूरी में व्यू प्वाइंट से गिरकर युवक की मौत: मसूरी के लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से दिल्ली निवासी युवक शिवम संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया।

गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।