क्राइम अपडेट: चीतल का शिकार, रिजल्ट को लेकर छात्रों का हंगामा और कैंट रोड पर कार का कहर

चीतल का शिकार, रिजल्ट को लेकर छात्रों का हंगामा और कैंट रोड पर कार का कहर

देहरादून। हरिद्वार में चीतल के शिकार के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। हल्द्वानी में परीक्षा परिणाम में देरी से नाराज छात्रों ने एमबीपीजी कॉलेज की छत पर चढ़कर हंगामा किया और दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया।

वहीं देहरादून के कैंट रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए सब्जी की दुकान में जा घुसी।

हरिद्वार: चीतल के शिकार में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

हरिद्वार। श्यामपुर रेंज के रसूलपुर क्षेत्र में चीतल के शिकार का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अशोक पुत्र प्यारे सिंह को हिरासत में लिया। आरोपी को नियमानुसार कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वन विभाग के मुताबिक, रसूलपुर क्षेत्र में चीतल के शिकार की सूचना मिली थी। सूचना पर श्यामपुर रेंज की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान अशोक को पकड़ लिया गया।

पूछताछ और जांच में कुछ अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गए।

वन विभाग की टीम अब फरार आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

डीएफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि वन्यजीवों के शिकार और अन्य वन्यजीव अपराधों के खिलाफ विभाग गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।

रसूलपुर मामले में सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने लोगों से वन्यजीव शिकार, तस्करी या अन्य अपराध की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उप वन क्षेत्राधिकारी सुभाष चंद्र, वन दरोगा शांति मोहन, वन आरक्षी एहसान अली, मनोज और मोनू शामिल रहे।

रिजल्ट में देरी पर एमबीपीजी कॉलेज में बवाल, दो छात्रों ने खुद पर डाला पेट्रोल

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम में देरी को लेकर बुधवार को एमबीपीजी कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। नाराज छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए। इसी दौरान दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया, जिससे कॉलेज प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि मुकेश पाण्डेय और मेहुल साह पेट्रोल लेकर कॉलेज की छत पर पहुंच गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

छात्रों का आरोप था कि परीक्षा परिणाम जारी नहीं होने के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और वे आगे की पढ़ाई के लिए समय पर आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

स्थिति बिगड़ने पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एनएस बनकोटी और शिक्षकों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। बाद में तबीयत बिगड़ने पर मुकेश पाण्डेय को छत से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। मेहुल साह की हालत बिगड़ने पर उसे भी अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने छत पर मौजूद अन्य छात्रों को भी नीचे उतारा। छात्राओं को महिला पुलिसकर्मियों की मदद से नीचे लाया गया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।

छात्रों की मुख्य मांग परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने की थी। उनका कहना था कि रिजल्ट में देरी के कारण वे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

इसी बीच हंगामे के दौरान कुमाऊं विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम जारी कर दिए। इसके अलावा स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के कुछ विषयों के परिणाम भी घोषित किए गए।

कैंट रोड पर कार का कहर, कई वाहनों को टक्कर मार दुकान में घुसी

देहरादून। कैंट रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि सब्जी दुकानदार को हल्की चोट आई है।

बताया जा रहा है कि महिला कार चालक वाहन चला रही थी। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सब्जी की दुकान में जा घुसी। टक्कर से दुकान को भी नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की जानकारी जुटाई। हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।