अपराध से जुड़ी 6 बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें…
हरिद्वार। जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कंकरखाता गांव से लापता 20 वर्षीय युवक सन्नी उर्फ पोल्ला का शव पथरी क्षेत्र के जंगल में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक 27 जनवरी से लापता था, जिसकी गुमशुदगी रायसी चौकी में दर्ज कराई गई थी।
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द खुलासा किया जाएगा। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अल्मोड़ा: नाबालिग किशोरी गुड़गांव से सकुशल बरामद, युवक गिरफ्तार
अल्मोड़ा । जनपद में गुमशुदा नाबालिग किशोरी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के गुड़गांव से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक युवक खुशदिल (20 वर्ष) निवासी बिहार को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से यह सफलता हासिल की।
हरिद्वार: लालढांग में भालू और गुलदार की दहशत, ग्रामीणों में डर
हरिद्वार । के लालढांग और श्यामपुर क्षेत्र में वन्यजीवों की दहशत बढ़ती जा रही है। पीली पड़ाव गांव में भालू के लगातार आबादी क्षेत्र में घूमने से ग्रामीण भयभीत हैं। वहीं बीते शनिवार गुलदार ने बाइक सवार ग्रामीणों पर झपट्टा मारा, जिससे एक ग्रामीण घायल हो गया।
वन विभाग के अनुसार जंगल से सटे होने के कारण क्षेत्र में मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।
रुद्रपुर: स्मैक तस्करी की सूचना पर गई एएनटीएफ टीम पर पथराव
उधम सिंह नगर। के रुद्रपुर स्थित सुभाष नगर इलाके में स्मैक तस्करी की सूचना पर दबिश देने पहुंची एएनटीएफ टीम पर तस्करों ने पथराव कर दिया। इस दौरान एक सिपाही भुवन पांडे के सिर में ईंट लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस ने इलाके में भारी फोर्स तैनात कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की जा रही है।
थराली: डंपर की टक्कर और खराब एंबुलेंस बनी मौत की वजह
चमोली । जनपद के थराली क्षेत्र में 18 वर्षीय मनीष सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से घायल युवक को जब एंबुलेंस से हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में एंबुलेंस खराब हो गई।
करीब एक घंटे की देरी के दौरान युवक ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना ने स्वास्थ्य विभाग और आपात सेवाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देहरादून: विदेशी छात्रा दुष्कर्म मामले में आरोपी छात्र बरी
देहरादून । की एक अदालत ने निजी विश्वविद्यालय की विदेशी छात्रा से दुष्कर्म के मामले में दक्षिण सूडान के छात्र को बरी कर दिया है। अदालत ने जांच में लापरवाही पर तत्कालीन विवेचक के खिलाफ कड़ी टिप्पणी की।
अभियोजन पक्ष के अनुसार फोरेंसिक साक्ष्य न जुटाने से मामला कमजोर हुआ, जिसके चलते आरोपी को संदेह का लाभ मिला।

