धराली की राखी:  जब संकट में बंधी ममता की राखी, उत्तराखंड में मानवता का जीवंत दृश्य

धराली की राखी:  जब संकट में बंधी ममता की राखी, उत्तराखंड में मानवता का जीवंत दृश्य

  • उत्तरकाशी की आपदा राहत में भावनाओं का अद्भुत क्षण, गुजरात की महिला तीर्थयात्री ने आभार स्वरूप फाड़े आँचल से बाँधी राखी

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया, वहीं एक मार्मिक क्षण ऐसा भी आया जिसने सभी की आंखें नम कर दीं।

राहत कार्यों के बीच गुजरात से आई एक महिला तीर्थयात्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कलाई पर अपने आँचल का टुकड़ा फाड़कर राखी बाँध दी।

यह घटना 7 अगस्त को हुई जब अहमदाबाद निवासी श्रीमती धनगौरी बरौलिया, जो गंगोत्री यात्रा पर आई थीं, अपने परिवार सहित राहत कार्यों के दौरान सुरक्षित बाहर निकाली गईं।

रेस्क्यू टीमों की सहायता से सुरक्षित पहुंचने के बाद जब वे मुख्यमंत्री धामी से मिलीं, तो उन्होंने भावुक होकर अपने आँचल का एक कोना फाड़ा और उसे राखी की तरह मुख्यमंत्री की कलाई पर बाँध दिया।

ममता और आभार का प्रतीक बनी राखी

इस दृश्य ने न केवल राहत शिविर का माहौल बदल दिया, बल्कि वहां मौजूद जवानों, अफसरों और मीडिया प्रतिनिधियों की आंखें भी भर आईं। श्रीमती बरौलिया ने कहा कि यह राखी एक भाई को नहीं, एक रक्षक को बाँधी गई है जिसने संकट की घड़ी में उन्हें और सैकड़ों अन्य यात्रियों को जीवनदान दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस भावनात्मक राखी को नम्रता से स्वीकार करते हुए कहा,”उत्तराखंड का हर नागरिक मेरा परिवार है। जब तक अंतिम व्यक्ति सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा।”

राहत और पुनर्वास कार्य जारी

मुख्यमंत्री धामी बीते तीन दिनों से उत्तरकाशी में डटे हैं और राहत व बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार न सिर्फ तात्कालिक राहत कार्यों में तेजी लाई है, बल्कि दीर्घकालिक पुनर्वास और पुनर्निर्माण योजनाओं पर भी कार्य शुरू कर दिया गया है।

धराली बनी मानवता की मिसाल

धराली क्षेत्र जहां आमतौर पर अपनी दुर्गमता के लिए जाना जाता है, आज संवेदना और मानवीय रिश्तों की मिसाल बन गया है। यह राखी सिर्फ एक त्योहार की रस्म नहीं थी, यह उस भरोसे की डोर थी जो एक नागरिक को अपने नेता से जोड़ती है, संकट की घड़ी में भी।

रक्षाबंधन से पहले आई एक अनोखी राखी

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर आई यह राखी राज्यभर में चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर भी यह तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, और लोग इसे “धराली की राखी” नाम दे रहे हैं।